शनिवार, 10 सितंबर 2016

अहसास 37 - जिंदगी

रात को अकेले बैठे -बैठे ,
अपने ही ख्यालो से बातें करते - करते ,
मुझे दूर -दूर तक का सन्नाटा ,
और उस सन्नाटे को चीरते हुए ,
बारिश में वो झींगुरों की आवाजें ,
अचानक की कुछ कुरेदती सी लगीं ,
 उलट पलट करके ,
किसी पुराने रिस्ते हुए जख्म को ,
जो अभी भी सूखा नहीं था ,

मैं भूल ही गया था ,कि मैं अकेला हूँ ,
कहाँ हूँ ? इतनी सारी  आवाजें तो  हैं ना ,
बारिश की  जोरों से गूंजने वाली ,
 टप- टप तो कभी छप -छप की आवाजें ,
बादल की  गड़गड़ाहट,तो  बिजली की कड़कड़ाहट  ,
तेज हवाओं  से  खिड़की के खड़खड़ाहट ,
सड़क पे अचानक कुछ  लोगों की
चलते -चलते बातें करते हुए ,
जोरों से खंखारने की,
 धीरे- धीरे दूर चले जाने की आवाजें ,
चौकीदार की सीटी और डंडे को ,
जमीन पर पटकने की धम -धम की आवाजें ,

ख़ामोशी तो है ही नहीं ,
सिर्फ एक मैं हूँ जो अपने आप में ही  खामोश है,
क्योंकि बोलने को कोई है ही नहीं ,
सिर्फ यह चंद कागज हैं ,
और उन पर चलती या मचलती यह कलम ,
जिनसे कभी कभी कुछ कह लेता हूँ,
या कुछ सुन  लेता हूँ ,

पर यह ही तो  तो काफी नहीं है ना , 
कोई और भी तो चाहिये ,
जिससे लड़ सकूँ , उन बातों पर ,
जो उसे पसंद हों और मुझे नापसंद ,
मेरे उस सुनसान रात के सन्नाटे में ,
जिसकी किसी बात पर जोर ठहाका मारकर हंसने पर,
  ऊँगली अपने  गीले होठों पे रखके हिश..... ... धीरे से.........
 करके टोकने वाला हाड़ -मांस का ,
चलता -फिरता कोई संगदिल रहगुजर ,
जिसकी आँखों में  नींद भरी होने के बावजूद ,
मैं जबरदस्ती अपने लिखे उलटे -सीधे पन्नो को ,
उसको पढ़कर सुना सकूं ,
और बार बार , कैसा है , पूछकर ,
बहुत अच्छा है , कहने पर मजबूर कर सकूँ ,

पर मैं न जाने क्यों हर बार ही यह भूल जाता हूँ ,
यह कोई सपना नहीं है ,
जिंदगी है ,
और जिंदगी ऐसी ही होती है।

written in 2000 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें